चंडीगढ़ , मार्च 15 -- केंद्रीय ऊर्जा आवासन एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने करनाल प्रवास के दौरान आम लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।

उन्होंने लोगों से संवाद किया और शेष समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मनोहर लाल ने कहा कि एलपीजी और तेल की आपूर्ति से जुड़ा मुद्दा अंतरराष्ट्रीय स्तर का है, लेकिन इसके बावजूद केंद्र सरकार ने देश में आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी। उन्होंने विपक्षी दलों से अपील करते हुए कहा कि ऐसे संवेदनशील मुद्दों को राजनीतिक रंग देने से बचना चाहिए और सभी को मिलकर परिस्थितियों का सामना करना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष गैस की कथित कमी का मुद्दा उठाकर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा है, जबकि गैस एजेंसियों के पास पर्याप्त एलपीजी का स्टॉक उपलब्ध है और विदेशों से भी तेल व एलपीजी की आपूर्ति लगातार हो रही है।

उन्होंने कहा कि भारत शांतिप्रिय देश है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है तथा विश्व स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा भी बढ़ी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित