चंडीगढ़ , मार्च 16 -- देशभर में रसोई गैस (एलपीजी) की भारी किल्लत और तेजी से बढ़ती कीमतों के बीच, पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों ने सोमवार को विधानसभा सत्र के दौरान सदन के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।

केंद्र की भाजपा नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विधायकों ने इस संकट को सरकारी कुप्रबंधन का परिणाम बताया और चेतावनी दी कि यदि स्थिति नहीं सुधारी गई तो पार्टी अपने आंदोलन को और तेज करेगी।

प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा, "आज देश का आम नागरिक मोदी सरकार की दोषपूर्ण विदेश नीतियों के कारण पीड़ित है। इजराइल और अमेरिका का पक्ष लेने की होड़ में केंद्र ने देश के हितों को दरकिनार कर दिया है, जिससे तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है। जब तक सिलेंडर की कीमतें कम नहीं होतीं और आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल नहीं होती, आम आदमी पार्टी सड़कों से लेकर विधानसभा तक चुप नहीं बैठेगी।"आप पंजाब के कार्यकारी अध्यक्ष अमनशेर सिंह शेरी कलसी ने जमीनी हकीकत पर जोर देते हुए भाजपा नेताओं के बयानों की आलोचना की। उन्होंने कहा, "भाजपा के मंत्री और नेता वातानुकूलित (एसी) कमरों में बैठकर झूठे दावे कर रहे हैं कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है। अगर वे वास्तविकता देखना चाहते हैं, तो उन लंबी कतारों को देखें जहाँ लोग घंटों भूखे-प्यासे खड़े हैं। आज स्थिति ऐसी है कि घरों के चूल्हे ठंडे पड़ गए हैं। जिन घरों में शादियाँ हैं, वहाँ रोटियाँ तक नहीं बन पा रही हैं। मोदी सरकार की बेरुखी ने गरीबों की थाली से भोजन छीन लिया है।"केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए आम आदमी पार्टी ने कहा कि यदि एलपीजी की आपूर्ति जल्द सामान्य नहीं की गई, तो देशभर में भाजपा के प्रवक्ताओं और मंत्रियों का घेराव किया जाएगा।

इसके अलावा, गैस सिलेंडरों की 'कृत्रिम कमी' के खिलाफ, आम आदमी पार्टी (आप) चंडीगढ़ ने सोमवार को सेक्टर-17 प्लाजा में केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे आप नेताओं ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि "डबल इंजन" का दम भरने वाली भाजपा सरकार अब आम आदमी के लिए "ट्रबल इंजन" बन गई है। उन्होने कहा कि एलपीजी की आसमान छूती कीमतों और शहर में जानबूझकर पैदा की गई है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जो भाजपा नेता विपक्ष में रहते हुए 400 रुपये का सिलेंडर होने पर सड़कों पर बैठकर छाती पीटते थे, वे आज सिलेंडर की कीमत 1000 रुपये पार होने पर "गूंगे और बहरे" बन गए हैं। मोदी सरकार ने आम आदमी की थाली और महिलाओं के घर के बजट पर सीधी 'सर्जिकल स्ट्राइक' की है। एक तरफ कमरतोड़ महंगाई ने जनता को कुचल दिया है, तो दूसरी तरफ पूंजीपति मित्रों की जेबें भरने के लिए गैस आपूर्ति रोककर जानबूझकर 'कृत्रिम किल्लत' पैदा की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित