लखनऊ , जनवरी 28 -- लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) लखनऊ में एक और महत्वाकांक्षी आवासीय परियोजना शुरू करने जा रहा है। ऐशबाग स्थित मिल रोड पर "ऐशबाग स्क्वायर" नाम से 27 मंजिला रेजिडेंशियल अपार्टमेंट का निर्माण किया जाएगा, जिसमें करीब 1900 वर्गफिट क्षेत्रफल के कुल 384 लग्जरी फ्लैट उपलब्ध होंगे।

बुधवार को एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि फ्लैटों के लिए पंजीकरण 29 जनवरी से 28 फरवरी 2026 तक खुले रहेंगे। आवेदन केवल एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही किया जा सकेगा। पंजीकरण के लिए फ्लैट की अनुमानित कीमत का 5 प्रतिशत (आरक्षित वर्ग के लिए 2.5 प्रतिशत) शुल्क जमा करना होगा। आवंटन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

प्रथमेश कुमार ने बताया कि ऐशबाग स्क्वायर की लोकेशन अत्यंत प्राइम है। यह पुराने लखनऊ के घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित होगा, जहां आधुनिक आवासीय परियोजनाएं कम ही उपलब्ध हैं। परियोजना के पास चारबाग रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन तथा नाका, आलमबाग और अमीनाबाद जैसे प्रमुख बाजार मौजूद हैं।

करीब 17,910 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनने वाली इस योजना में कुल चार टावर होंगे, जिनमें प्रत्येक 27 मंजिला होगा। अपार्टमेंट में 3 बीएचके व स्टडी श्रेणी के फ्लैट बनाए जाएंगे। प्रत्येक फ्लैट लगभग 1900 वर्गफिट का होगा, जिसकी शुरुआती कीमत 1.11 करोड़ रुपये रखी गई है।

विशेष कार्याधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि सोसाइटी में स्विमिंग पूल, पार्क, क्लब हाउस, किड्स प्ले एरिया, पावर बैकअप और 600 से अधिक वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही परिसर में ही व्यावसायिक जरूरतों के लिए कॉमर्शियल दुकानें भी विकसित की जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित