पलक्कड़ , मार्च 29 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व माले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) पर खोखले वादे कर केरल के लोगों को दगा देने और वर्षों तक सत्ता का व्यापार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा-राजग सरकार केरल का तेज विकास करेगी और विकसित केरल बनाएगी।
श्री मोदी ने रविवार को केरल के पलक्कड़ में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बढ़ती लोकप्रियता और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रति बढ़ता लोगों का विश्वास, आज आप सबका ये उत्साह और ये समर्थन, इतनी बड़ी संख्या में आप सबकी उपस्थिति... ये बता रहा है कि केरल का मूड एक आंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि अब केरल के युवा, महिलाएं और किसान भाजपा और राजग पर पूरा भरोसा करते हैं और उन्हें अपना समर्थन दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि केरल बदलाव का संदेश दे रहा है।
उन्होंने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि केरल दशकों से स्वार्थी राजनीति के दो मुखौटों के बीच फंसा हुआ है। एक ओर एलडीएफ तो दूसरी ओर यूडीएफ,एक ओर कम्युनिस्ट तो दूसरी ओर कांग्रेस, एक भ्रष्ट तो दूसरी महाभ्रष्ट, एक सांप्रदायिक तो दूसरा महासांप्रदायिक पार्टी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित