लखनऊ , मार्च 26 -- लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने गुरुवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 'नेक्स्ट-जेन डे' का आयोजन कर क्रिकेट प्रेमियों, खासकर बच्चों को अनूठा अनुभव प्रदान किया। इस दौरान 10 हजार से अधिक बच्चों ने स्टेडियम पहुंचकर अपने पसंदीदा खिलाड़ियों से मुलाकात की।
दोपहर में विभिन्न स्कूलों से आए बच्चे एलएसजी की जर्सी पहनकर स्टेडियम पहुंचे, जहां डीजे म्यूजिक, बैनर और ढोल-नगाड़ों के बीच उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। शाम करीब साढ़े चार बजे टीम के स्टेडियम पहुंचते ही बच्चों ने जोरदार स्वागत किया। खिलाड़ियों ने स्टैंड्स का चक्कर लगाकर अभिवादन किया और हस्ताक्षरित टेनिस बॉल्स भी दर्शकों की ओर उछालीं। इस दौरान खिलाड़ियों और बच्चों के बीच संवाद भी हुआ, जिसमें कई बच्चों ने अपने पसंदीदा क्रिकेटरों से सवाल पूछे। एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत ने बच्चों को संबोधित करते हुए खेल, अनुशासन और मेहनत का महत्व बताया तथा उन्हें प्रेरित किया।
कार्यक्रम में 'हू हिट्स द मोस्ट सिक्सेस' प्रतियोगिता ने खास आकर्षण पैदा किया। इसमें ऋषभ पंत, एडन मार्करम, मिचेल मार्श, निकोलस पूरन, हिम्मत सिंह और अब्दुल समद सहित खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अपनी बल्लेबाजी से बच्चों का मनोरंजन किया। शाम साढ़े पांच बजे कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसके बाद बच्चों को सुरक्षित रवाना किया गया। आयोजन में क्रिकेट इन्फ्लुएंसर तनय तिवारी की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित