पटना, सितंबर 26 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार प्रभारी विनोद तावड़े के साथ संयुक्त रूप से पार्टी का एलईडी प्रचार रथ यहां से रवाना किया।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में डॉ. जायसवाल ने कहा कि यह रथ सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर डबल इंजन की सरकार में बिहार के विकास की गाथा लोगों को बताएगा। उन्होंने कहा कि बिहार अब विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ चुका है। डबल इंजन की सरकार में आधारभूत संरचना का क्षेत्र हो या शिक्षा और स्वास्थ्य, सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ा है। लोगों को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।उन्होंने कहा कि बिहार में महिला सशक्तिकरण के लिए नीतीश सरकार ने जो काम किए हैं, वह अभूतपूर्व हैं। बिहार सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर बनाने में एक लंबी लकीर खींची है।

इस मौके पर भाजपा ने कैंपेन सॉन्ग "रफ्तार पकड़ चुका है बिहार" भी जारी किया गया।

भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल सहित अन्य लोगों ने बैठकर इस कैम्पेन सांग को देखा। करीब तीन मिनट 17 सेकेंड के इस कैम्पेन सांग के जरिए बताया गया कि बिहार कैसे विकास के क्षेत्र में रफ्तार पकड़ चुका है। गाने के जरिए जहां एक बार फिर से एनडीए सरकार बनाने की अपील की गई है, वहीं जंगलराज की भी याद दिलाई गई है।

इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्रनाथ त्रिपाठी, प्रदेश महामंत्री राकेश कुमार, पूर्व महामंत्री जगन्नाथ ठाकुर, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अमित प्रकाश बबलू, सूरज पांडे, कार्यालय मंत्री प्रवीण पटेल,बिट्टू सोनी,बीरेन्द्र सहित सैकड़ों कार्यकर्ता पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित