नयी दिल्ली , मार्च 16 -- टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया अपनी सहायक इकाई एयर इंडिया एक्सप्रेस के साथ मंगलवार को पश्चिम एशिया के लिए 44 उड़ानों का परिचालन करेगी।

एयर इंडिया समूह ने सोमवार रात एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इन 44 उड़ानों में नियमित और विशेष उड़ानें दोनों शामिल हैं। एयर इंडिया ने जेद्दा के लिए दिल्ली से एक और मुंबई से दो नियमित उड़ानों की योजना बनायी है।

एयर इंडिया एक्सप्रेस भी कोझिकोड से जेद्दा के लिए एक नियमित उड़ान का परिचालन करेगी। दिल्ली, मुंबई, कोझिकोड और तिरुचिरापल्ली से ओमान की राजधानी मस्कट के लिए उसकी एक-एक उड़ानें जाएंगी। कोच्चि से मस्कट के लिए उसकी दो उड़ानें होंगी।

एयर इंडिया एक्सप्रेस बेंगलुरु, दिल्ली, कोच्चि,शकोझीकोड और मुंबई से अबू धाबी के लिए एक-एक विशेष उड़ानें भी रवाना करेगी। रस अल खैमा के लिए दिल्ली, कोच्चि और कोझिकोड से उसकी उड़ानें उपलब्ध होंगी। शारजाह के लिए कन्नूर और बेंगलुरु से वह एक-एक उड़ानों का परिचालन करेगी।

सऊदी अरब की राजधानी रियाद के लिए एयर इंडिया दिल्ली से और एयर इंडिया एक्सप्रेस कोझीकोड से एक-एक विशेष उड़ानों का परिचालन करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित