नयी दिल्ली , जनवरी 24 -- टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने अमेरिका में भारी हिमपात की चेतावनी के बाद 25 और 26 जनवरी को न्यूयॉर्क और नेवार्क जाने वाली या वहां से आने वाली अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं।

एयरलाइंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी घोषणा करते बताया कि अमेरिका के पूर्वी तट पर न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और आसपास के इलाकों में रविवार तड़के से सोमवार तक खतरनाक बर्फीली आंधी और भारी हिमपात का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इसका उड़ानों के परिचालन पर काफी असर होगा।

एक्स पर बयान में कहा गया है, हमारे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा, सलामती और सुविधा के मद्देनजर 25 और 26 जनवरी को न्यूयॉर्क और नेवार्क जाने वाली और वहां से आने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी गयी हैं।

एयर इंडिया ने यात्रियों को उसके कॉल सेंटर पर संपर्क करने या वेबसाइट पर उड़ान की स्थित के बारे में जानने की सलाह दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित