पटना , अप्रैल 15 -- अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), पटना में 01 से 15 अप्रैल तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा का समापन बुधवार को हुआ।
15 दिनों तक चले इस अभियान के दौरान संस्थान में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया जिनमें स्वच्छता अभियान, जन-जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, प्रतियोगिताएं एवं सामुदायिक सहभागिता शामिल रही।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव सौरभ जैन ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता को केवल एक निर्धारित अवधि तक सीमित नहीं रखा जा सकता बल्कि इसे दैनिक जीवन और संस्थागत कार्यप्रणाली का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने एम्स पटना द्वारा पखवाड़े के दौरान किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहलें व्यवहार परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
कार्यक्रम में एम्स के कार्यकारी निदेशक प्रो. (ब्रिग.) डॉ. राजू अग्रवाल, डीन (शैक्षणिक) प्रो. (डॉ.) पूनम भदानी, डीन (अनुसंधान) प्रो. (डॉ.) संजय पांडेय एवं डॉ. संजीब कुमार घोष सहित संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, छात्र एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित