भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल बनेगा जिला पंचायत कार्यालयएमसीबी , मार्च 26 -- छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने गुरुवार को एमसीबी जिले के चैनपुर में बनने वाले नए जिला पंचायत भवन का भूमि पूजन किया।
प्रस्तावित भवन के निर्माण से जिला पंचायत की प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने और विकास कार्यों के संचालन में सुविधा मिलने की उम्मीद जताई गई है। इसका निर्माण तीन करोड़ एत लाख 32 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से भूमि पूजन संपन्न कराया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि लंबे समय से जिले में एक सुव्यवस्थित और आधुनिक जिला पंचायत भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नए भवन के निर्माण से प्रशासनिक कार्यों के संचालन में पारदर्शिता और गति आएगी तथा ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों के बेहतर समन्वय में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि एमसीबी जिला प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध क्षेत्र है और यहां विकास की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि केवई नदी के जल से लगभग 50 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की योजना पर कार्य किया जा रहा है, जिससे किसानों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए जिला पंचायत मुख्यालय और कलेक्ट्रेट भवन के निर्माण की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के लिए केल्हारी से कठौतिया तक डबल लाइन सड़क निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने की जानकारी भी दी। उन्होंने रोजगार और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित