नयी दिल्ली , अक्टूबर, 09 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस नगर निगम के 12 वार्डो में होने वाले उपचुनाव की तैयारी में जुट गयी है और इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने गुरुवार को पार्टी कार्यालय में पांच सदस्यीय समन्वय समिति, 12 पर्यवेक्षकों और वार्डों से संबधित जिला अध्यक्षों के साथ बैठक की।

श्री यादव ने इस दौरान कहा कि राज्य चुनाव आयोग अगर निगम उपचुनावों को जल्दी भी कराता है तो कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से तैयार है। बैठक में श्री यादव के अलावा दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. नरेंद्र नाथ, पूर्व विधायक हरी शंकर गुप्ता, श्री सुरेंद्र कुमार, राजेश गर्ग, जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ राव, श्री राजेश चौहान, जावेद मिर्जा, सतबीर शर्मा, दिनेश कुमार, विरेन्द्र कसाना, श्री मुदित अग्रवाल, रागिनी नायक, निगम पार्षद हाजी जरीफ, प्रदेश महिला अध्यक्ष पुष्पा सिंह, नीतू वर्मा और विनीत यादव मौजूद थे।

उन्होंने कहा, "अगर निगम उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वोट चोरी पर लगाम लगेगी, तो मैं दावे के साथ कहता हूं कि कांग्रेस पार्टी सभी 12 वार्डों पर जीत दर्ज करने में कामयाब होगी।"उन्होंने कहा कि पिछले आठ महीनों से भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार ने दिल्ली के लोगों से किया एक भी वादा पूरा नही किया है और आम आदमी पार्टी दिल्ली में विलुप्त हो रही है। ऐसे में दिल्ली वाले अब कांग्रेस को विकल्प के रूप में देख रहे है।

उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों से निगम में भी भाजपा की सरकार है जो जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। कूड़े के पहाड़ कम करने का दावा किया लेकिन कुछ नही किया गया है। सड़कें, गलियां, कॉलोनियों में हर कोने पर गंदगी के ढेर पड़े हैं और मानसून में जल भराव से दिल्ली को जूझना पड़ा। राजधानी दिल्ली और निगम की सत्ता में भाजपा के आने के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ, सिर्फ खोखले वादे और दावे किए गये हैं। दिल्ली की जनता निगम उपचुनाव में भाजपा के झूठ और गुमराह करने के खेल का जबाव देगी।

श्री यादव ने कहा, "12 निगम वार्डों के उपचुनावों के लिए हमने अप्रैल में ही प्रत्येक वार्ड पर पर्यवेक्षक और पांच सदस्यीय समन्यवय समिति का गठन किया था। सभी पर्यवेक्षक अपने प्रभार वार्ड में पूरी सक्रियता के साथ काम कर रहे हैं और संगठन में जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से मिलकर मतदाताओं की नब्ज को जांचने का काम भी बखूबी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लोगों में भाजपा की वोट चोरी के खिलाफ भारी रोष पनप रहा है और कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान के साथ जुड़ कर भाजपा के खिलाफ नाराजगी भी जता रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित