रांची , मार्च 24 -- झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) सुप्रीमो और डुमरी विधायक जयराम महतो मंगलवार को धनबाद स्थित एमपी-एमएलए कोर्ट पहुंचे।

वे विशेष न्यायाधीश दुर्गेश चंद्र अवस्थी की अदालत में एक मामले में पेश हुए। यह मामला बोकारो जिले के सियालजोड़ी थाना में दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है, जो वेदांता स्टील प्लांट के मजदूर आंदोलन से संबंधित है।

पत्रकारों से बातचीत में जयराम महतो ने कहा कि उनका इस आंदोलन से कोई सीधा संबंध नहीं था और वे उस दिन घटनास्थल पर मौजूद भी नहीं थे। उन्होंने बताया कि आंदोलन स्थल पर लगे बैनर में उनकी तस्वीर होने के कारण उन्हें इस मामले में नामजद किया गया है, जो पूरी तरह से गलत है। यह मामला 27 नवंबर 2023 का है।

श्री महतो ने राज्य की राजनीति पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बयान पर उन्होंने कहा कि राज्य के मुखिया को सभी धर्मों को साथ लेकर चलना चाहिए और सभी वर्गों के हित में काम करना चाहिए।

आगामी चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 5 से 10 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। वहीं असम चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि फिलहाल उनकी पार्टी वहां चुनाव नहीं लड़ेगी और भविष्य में संसाधन बढ़ने पर इस पर विचार किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित