आगर-मालवा , अप्रैल 05 -- अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आगर-मालवा कोतवाली पुलिस ने एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कार और मोबाइल सहित 25 लाख 30 हजार रुपये का मश्रुका जब्त किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 05 अप्रैल 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड़ौद की ओर से एक सिल्वर रंग की कार में दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर आगरमालवा की ओर आ रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी शशि उपाध्याय के नेतृत्व में टीम गठित कर आगरमालवा-बड़ौद रोड स्थित न्यू मेघदूत ढाबा के सामने नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी लेने पर आरोपी प्रधानसिंह सोंधिया और नरेंद्रसिंह सोंधिया, निवासी ग्राम जयसिंहपुरा थाना बड़ौद जिला आगरमालवा के कब्जे से 148 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी पुष्टि परीक्षण किट से की गई। साथ ही एक कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
जब्त मश्रुका में 148 ग्राम एमडी ड्रग्स की कीमत लगभग 15 लाख रुपये, कार की कीमत लगभग 10 लाख रुपये तथा मोबाइल फोन की कीमत करीब 30 हजार रुपये आंकी गई है। इस संबंध में कोतवाली थाना आगरमालवा में अपराध क्रमांक 154/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/22 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित