लखनऊ , मार्च 25 -- उत्तर प्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पार्क की स्थापना को लेकर हुए एमओयू को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार को एमओयू करने से पहले कम से कम एआई (एआई) से ही इस कंपनी की 'पूच' (पहुंच) के बारे में पूछ लेना चाहिए था।
बुधवार को सोशल मीडिया के जरिये अखिलेश यादव ने कहा कि अपने आस-पास के ऐसे 'फ़ाइव परसेंटिया' घूसखोर व ख़ुदगर्ज़ लोगों से बचना चाहिए जो आपकी अनभिज्ञता या अज्ञान का दुरुपयोग करते हैं। इससे आपकी एआई (आर्टिफिशियल इमेज) मतलब ले-दे के बनाई गई 'कृत्रिम छवि' पर भी बहुत ख़राब प्रभाव पड़ता है, साथ ही आपके समय में धूमिल हुई प्रदेश की असली छवि और भी अधिक बद से बदहाल होती है।
उन्होंने कहा कि इन भ्रष्ट कांडों के उजागर होने से अच्छे, सच्चे और ईमानदार निवेशक हतोत्साहित भी होते हैं, और प्रदेश में निवेश करने से विमुख भी होते हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि आप तो लौट जाएंगे लेकिन प्रदेश को तो जनता का ख़्याल रखना है, यही सोचकर कम-से-कम एक तो अच्छा काम करते जाइए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित