राजनांदगांव , मार्च 07 -- छत्तीसगढ़ में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विकास संस्थान रायपुर और कैट राजनांदगांव के संयुक्त तत्वावधान में 'प्रोक्योरमेंट एवं मार्केटिंग सपोर्ट' विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन एबिस ग्रीन में शनिवार को किया गया। कार्यक्रम में राजनांदगांव सहित आसपास के क्षेत्रों के लगभग 200 से अधिक व्यापारियों और उद्यमियों ने भाग लेकर केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
सेमिनार के दौरान कैट के प्रदेश प्रभारी मोहम्मद अली हिरानी ने क्लस्टर योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कॉमन फैसिलिटी सेंटर स्थापित करने पर केंद्र और राज्य सरकार द्वारा 90 प्रतिशत तक की सब्सिडी उपलब्ध कराई जा सकती है, जिससे छोटे और मध्यम उद्यमियों को बड़ी राहत मिल सकती है।
इस अवसर पर एमएसएमई निदेशक लोकेश परघनिया सहित अन्य विशेषज्ञों ने जीईएम पोर्टल, डिजिटल कॉमर्स (ओएनडीसी), पैकेजिंग एवं लेबलिंग, स्टार्ट-अप योजनाएं तथा निर्यात सुरक्षा (ईसीजीसी) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उद्यमियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने के तरीके भी बताए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित