कानपुर , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री राकेश सचान ने गुरुवार को दो दिवसीय प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना लाभार्थी प्रदर्शनी एवं ट्रेड फेयर-2026 का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में एमएसएमई-विकास कार्यालय के क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले 25 जिलों के लाभार्थियों ने भाग लिया। ट्रेड फेयर में 100 से अधिक विश्वकर्मा कारीगरों ने अपने पारंपरिक उत्पाद प्रदर्शित किए।
श्री सचान ने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना देश के पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा उनके कौशल को बढ़ावा देने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने से कारीगर आत्मनिर्भर होंगे और उनके हुनर को नई पहचान मिलेगी।
एमएसएमई, कानपुर के निदेशक वी.के. वर्मा ने बताया कि कार्यालय कारीगरों को ऋण, तकनीकी दक्षता, विपणन और प्रदर्शनी संबंधी सभी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगा।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि विधायक सुरेंद्र मैथानी और नीलिमा कटियार ने कारीगरों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें योजना के अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
इसके अलावा, डा. भक्ति विजय शुक्ला (सहायक निदेशक, विस्तार केन्द्र सुगंध एवं सुरस विकास केन्द्र) ने कारीगरों को उद्यम स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने के लिए मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में आलोक श्रीवास्तव (सहायक निदेशक) और अवधेश सोनकर (डोमेन विशेषज्ञ, पीएम विश्वकर्मा) ने व्यवसाय के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम का संचालन अविनाश कुमार अपूर्व (सहायक निदेशक) ने किया, जबकि अंत में एस.के. पांडेय (उपनिदेशक) ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। यह आयोजन कारीगरों के कौशल और उत्पादों को पहचान दिलाने तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित