नयी दिल्ली , नवंबर 12 -- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) में 2025-2026 के लिए एक बार फिर से प्रो. रघुराज किशोर तिवारी को राष्ट्रीय अध्यक्ष और डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी को राष्ट्रीय महासचिव निर्वाचित किया गया है।
एबीवीपी के मुंबई स्थित केंद्रीय कार्यालय से बुधवार को चुनाव परिणाम की घोषणा की गयी। चुनाव अधिकारी एवं एबीवीपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के विशेष आमंत्रित सदस्य प्रो. मसदी बापूराव ने पुन: निर्वाचित पदाधिकारियों के बारे में जानकारी दीउन्होंने बताया कि दोनों पदाधिकारी 28, 29 एवं 30 नवंबर को देहरादून, उत्तराखंड में आयोजित होने वाले 71वें एबीवीपी राष्ट्रीय अधिवेशन में अपना दायित्व संभालेंगे।
ज्ञात रहे कि प्रो. (डॉ.) रघुराज किशोर तिवारी मूल रूप से रीवा, मध्य प्रदेश के निवासी हैं। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर से कृषि विज्ञान में पीएचडी की है। वर्तमान में वह इसी विश्वविद्यालय के रीवा परिसर में कृषि विज्ञान विभाग में प्राध्यापक हैं। वे 1987 से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित