हैदराबाद , मार्च 04 -- तेलंगाना वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (एफटीसीसीआई) छह मार्च को महिला कारोबारियों की नेत़ृत्व क्षमता ,उद्यमिता और समावेशी विकास को बढ़ावा देने के लिये यहां ''सी राइज -गिव टू गैन'' कार्यक्रम की मेजबानी करेगा।

एफटीसीसीआई महिला शाखा समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मकसद महिला कारोबारियों को एक मंच प्रदान करना है जिसमें उनकी उपलब्धियों तथा उनके पक्के इरादों से प्रेरित कहानियों पर रोशनी डाली जाएगी।

फेडरेशन ने बुधवार को यहां एक विज्ञप्ति में कहा कि वक्ताओं में पश्चिम बंगाल की एक योग इंस्ट्रक्टर अर्पिता रॉय भी शामिल हैं, जो दोनों पैर खोने के बावजूद योग आसन करती हैं और हिम्मत तथा लगन की निशानी है।

इस दौरान कोह! फूड्स की संस्थापक और सीईओ कीर्ति प्रिया ओडापल्ली भी लोगों को संबोधित करेंगी।

तेलंगाना के एक गांव की रहने वाली प्रिया ने बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी एंड साइंस पिलानी से बी फार्मा किया और भारतीय प्रबंधन संस्थान कलकत्ता से एमबीए किया। अपनी माँ के घर पर बने गाजर का बारीक पिसे पाउडर से प्रेरित होकर उन्होंने सेहतमंद सब्जियों के पाउडर और मिक्स पर फोकस करने वाला तेलंगाना-बेस्ड ब्रांड लॉन्च किया। स्टैंड अप इंडिया स्कीम और स्टार्टअप इंडिया के तहत 50 लाख रुपये का रिण लेकर उन्होंने विनिर्माण इकाई शुरू की। .एक विशेष संवाद सत्र में कीर्ति प्रिया ओडापल्ली और कोह! फूड्स की सह संस्थापक रोहिणी दीप्ति नट्टी शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि तेलंगाना राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष नेरेला शारदा और ग्रैन्यूल्स इंडिया लिमिटेड की कार्यकारी निदेशक उमा देवी चिगुरुपति शामिल होंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित