बैतूल , फरवरी 10 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के आमला क्षेत्र में सड़क निर्माण और सफाई व्यवस्था की मांग को लेकर ग्रामीणों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज एफआईआर के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर थाने पहुंचकर कलेक्टर के नाम थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर प्रकरण वापस नहीं लिए गए तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम रतेड़ाकलां के ग्रामीण लंबे समय से लादी-सारणी सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। तीन वर्ष पूर्व भूमिपूजन होने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। इससे नाराज ग्रामीणों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर शांतिपूर्ण चक्काजाम किया था। इसके बावजूद पुलिस द्वारा 6 फरवरी को कांग्रेस नेता जितेंद्र शर्मा, अर्जुन उईके, मनीराम कुमरे, दुर्गेश यादव, विजय पारधी, ओझा महाजन, मनोज यादव, राजेश सरिया, मुकेश यादव, राजू सीलू और जियालाल यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि तिरमहू गांव में सफाई व्यवस्था की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में भाजपा नेताओं की मौजूदगी के बावजूद केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज की गई। इस मामले में रविकांत उघड़े, संतोष वराथे, नितिन सारटकर, मनोज ठाकरे और भाऊराव सारटकर सहित छह लोगों के नाम एफआईआर में शामिल किए गए हैं। कांग्रेस का यह भी आरोप है कि एफआईआर में एक स्कूली छात्र का नाम भी जोड़ दिया गया है।
कांग्रेस सेवादल विधानसभा प्रभारी जितेंद्र शर्मा ने कहा कि जनता की बुनियादी समस्याओं को उठाना अपराध नहीं है, लेकिन प्रशासन दमनकारी रवैया अपना रहा है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सभी प्रकरण वापस नहीं लिए गए तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन का नेतृत्व मनोज मालवे, विजेंद्र भावसार, मनोज देशमुख, विजय पारदी, रविकांत उघड़े और महेंद्र सिंह परमार ने किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित