वाशिंगटन , फरवरी 10 -- यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन की सहयोगी घिसलेन मैक्सवेल ने सोमवार को हाउस कमेटी ऑन ओवरसाइट एंड अकाउंटेबिलिटी के सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया है।
ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉर्रपोरेशन (बीबीसी) की रिपोर्ट के अनुसार, मैक्सवेल टेक्सास की जेल में बंद है, जहाँ वह यौन तस्करी के लिए 20 साल की सजा काट रही है। जेल के ही बंद कमरे से वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समिति के सामने पेश हुई थी।
समिति के अध्यक्ष जेम्स कोमर ने कहा कि जैसा कि उम्मीद थी, मैक्सवेल ने पांचवें संशोधन (कानून) का सहारा लेते हुए चुप रहने के अपने अधिकार का उपयोग किया।
श्री कोमर ने कहा, "यह स्पष्ट रूप से बहुत निराशाजनक है। हमारे पास उन अपराधों के बारे में पूछने के लिए कई सवाल थे जो उसने और एपस्टीन ने किए थे, साथ ही संभावित सह-साजिशकर्ताओं के बारे में भी सवाल थे।" उन्होंने कहा कि जीवित बचे लोगों के लिए न्याय ही इस जांच का मकसद है।
अमेरिकी संविधान का पांचवां संशोधन अमेरिकियों को सवालों का जवाब देने से इनकार करके खुद के खिलाफ सबूत देने से बचने का अधिकार देता है। सुनवाई के बाद डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रतिनिधि मेलानी स्टैंसबरी ने पत्रकारों को बताया कि मैक्सवेल ने इस अवसर का उपयोग 'क्षमादान के लिये अभियान' चलाने के तौर पर किया।
श्री कोमर ने कहा कि एपस्टीन के पीड़ितों से बात करने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि 'मैक्सवेल एक बहुत ही बुरी महिला है' जो किसी भी प्रकार की छूट की हकदार नहीं है।
इससे पहले एक सोशल मीडिया पोस्ट में मैक्सवेल के वकील डेविड ऑस्कर मार्कस ने कहा था कि अगर राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा क्षमादान दिया जाता है तो मैक्सवेल 'पूरी तरह और ईमानदारी से बोलने के लिए तैयार' है। उन्होंने पोस्ट किया, "केवल वही पूरा विवरण दे सकती है। कुछ लोगों को शायद वह पसंद न आए जो वे सुनेंगे, लेकिन सच्चाई मायने रखती है।"मैक्सवेल की पेशी से पहले हाउस ओवरसाइट कमेटी को भेजे गए एक पत्र में एपस्टीन पीड़ितों के एक समूह ने सांसदों से मैक्सवेल द्वारा दी गई किसी भी जानकारी पर संदेह करने का आग्रह किया। उन्होंने एपस्टीन के तस्करी अभियान में शामिल 'कई शक्तिशाली लोगों' की पहचान करने से इनकार करने और कानून प्रवर्तन के साथ 'सार्थक सहयोग' न करने के लिए उसकी आलोचना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित