अलवर , दिसम्बर 29 -- राजस्थान में अलवर के सरिस्का बाघ अभयारण्य क्षेत्र स्थित करना का बास एनीकट पर एक मगरमच्छ द्वारा चीतल को शिकार बनाने पर पर्यटक रोमांचित हो गये।
वन विभाग के सूत्रों ने सोमवार को बताया कि यह दुर्लभ नज़ारा मौके पर मौजूद करीब 200 पर्यटकों ने देखा। सूत्रों के अनुसार एनीकट में एक मगरमच्छ पानी के भीतर आगे बढ़ रहा था, जबकि उसके पीछे एक चीतल पानी में उतरकर दूसरी ओर जा रहा था। जैसे ही चीतल मगरमच्छ के नजदीक पहुंचा, मगरमच्छ ने अचानक दिशा बदली और तेज गति से हमला करके चीतल को दबोच लिया। चीतल संघर्ष करता रहा, लेकिन मगरमच्छ उसे गहरायी में ले गया।
घटना के दौरान पर्यटक वीडियो बनाते नजर आये। बताया जा रहा है कि करना का बास एनीकट में वर्तमान में 30 से 40 मगरमच्छ मौजूद हैं, जिससे यह क्षेत्र वन्यजीव गतिविधियों की दृष्टि से बेहद संवेदनशील बना हुआ है। यह दृश्य प्रकृति के क्रूर, लेकिन संतुलित नियमों को दर्शाता है, जिसने सभी को स्तब्ध कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित