नयी दिल्ली , दिसम्बर 30 -- गणतंत्र दिवस के लिए राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) शिविर का मंगलवार को यहां दिल्ली कैंट स्थित करियप्पा परेड ग्राउंड में "सर्व धर्म पूजा" के साथ शुभारंभ हुआ। गणतंत्र दिवस शिविर में इस वर्ष 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों से कुल 2,406 कैडेट भाग ले रहे हैं जिनमें 898 बालिका कैडेट शामिल हैं। एनसीसी की आरे से गणतंत्र दिवस समारोह में यह अब तक की सबसे अधिक भागीदारी है। इसके अलावा युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत 25 मित्र देशों के कैडेट और अधिकारी भी इस वर्ष के समारोहों में भाग लेंगे।
एक महीने तक चलने वाले इस शिविर में सर्वश्रेष्ठ कैडेट प्रतियोगिता, छोटे हथियारों से फायरिंग, कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड के दौरान मार्चिंग दस्ता तथा फ्लैग एरिया डिजाइनिंग जैसी कई अंतर-निदेशालय प्रतियोगिताएं और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स ने कैडेटों का स्वागत किया और प्रतिष्ठित गणतंत्र दिवस शिविर के लिए उनके चयन पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कैडेटों से चरित्र, ईमानदारी, निस्वार्थ सेवा, भाईचारे और टीम भावना जैसे सर्वोच्च गुणों का प्रदर्शन करने का आह्वान किया, जो धर्म, भाषा और जाति की सीमाओं से ऊपर उठकर 'राष्ट्र प्रथम' की सच्ची भावना को दर्शाते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित