रांची , फरवरी 17 -- झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज लोक भवन, रांची में आयोजित 'एट होम' कार्यक्रम में 'गणतंत्र दिवस शिविर-2026' में झारखण्ड का प्रतिनिधित्व करने वाले एनसीसी कैडेट्स तथा 'वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथोन' के एनसीसी प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर श्री गंगवार ने कहा कि गणतंत्र दिवस शिविर में राज्य का प्रतिनिधित्व करना अत्यंत गौरव एवं सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित 'वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथोन' युवाओं में राष्ट्रभक्ति, फिटनेस एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने वाला प्रेरणादायी आयोजन रहा। श्री गंगवार ने कैडेट्स की कड़ी मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण की सराहना करते हुए उनके प्रशिक्षकों एवं अधिकारियों को भी बधाई दी।
श्री गंगवार ने कहा कि एनसीसी केवल एक संगठन ही नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, सेवा और राष्ट्रप्रेम की पाठशाला है। यह युवाओं में चरित्र निर्माण, कर्तव्यनिष्ठा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करता है। उन्होंने उल्लेख किया कि एनसीसी विश्व का सबसे बड़ा युवा संगठन है, जो 'विविधता में एकता' का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करता है। उन्होंने अपने छात्र जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि वे स्वयं भी एनसीसी कैडेट रहे हैं।
श्री गंगवार ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स परेड एवं शिविरों के अतिरिक्त सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी अग्रणी भूमिका निभाते हैं। रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण एवं आपदा प्रबंधन जैसे कार्यों में उनकी सक्रिय सहभागिता अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने स्वामी विवेकानन्द की जयंती पर लोक भवन में आयोजित रक्तदान शिविर में एनसीसी कैडेट्स की भागीदारी की विशेष सराहना की। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आज बड़ी संख्या में बेटियाँ भी एनसीसी से जुड़कर नेतृत्व एवं अनुशासन की मिसाल स्थापित कर रही हैं, जो महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है।
श्री गंगवार ने कहा कि एनसीसी से प्राप्त प्रशिक्षण जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उपयोगी सिद्ध होता है। 'विकसित भारत@2047' के संकल्प को साकार करने में युवाशक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा एनसीसी इस दिशा में एक सशक्त मंच प्रदान करता है।
श्री गंगवार ने सभी कैडेट्स एवं प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने अनुशासन, सेवा-भाव और राष्ट्रनिष्ठा से राज्य एवं राष्ट्र का गौरव निरंतर बढ़ाते रहेंगे। इस अवसर पर श्री गंगवार ने 'वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथोन' के प्रतिभागियों को Rs.10,000 (दस हजार रुपये) की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित