मुंबई , दिसंबर 30 -- महाराष्ट्र राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अध्यक्ष और सांसद सुनील तटकरे ने मंगलवार को कहा कि बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनावों के लिए पार्टी की ओर से जल्द ही घोषित की जाने वाली तीसरी सूची के उम्मीदवारों का अच्छा-खासा राजनीतिक दबदबा है और वे बेहद काबिल हैं।
श्री तटकरे ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सोलापुर, रायगढ़ जिले के पनवेल, कोल्हापुर और नासिक में महायुति गठबंधन के हिस्से के रूप में चुनाव लड़े जा रहे हैं। उन्होंने कहा, "कुछ स्थानों पर एनसीपी ने शिवसेना के साथ गठबंधन किया है, जबकि अन्य क्षेत्रों में तीनों साझेदार एक साथ चुनाव लड़ रहे हैं। महायुति के वरिष्ठ नेता अच्छी तरह जानते हैं कि राजनीतिक परिस्थितियां हर क्षेत्र में अलग-अलग होती हैं।"उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद चुनाव हो रहे हैं, इसलिए हर राजनीतिक पार्टी में बड़ी संख्या में उम्मीदवार हैं। सीट बंटवारे में गठबंधन सहयोगियों को समायोजित करना पड़ता है, जिस कारण कभी-कभी सीटें छोड़नी पड़ती हैं। यह स्वीकार करते हुए कि इन कारणों से कुछ सीटों पर गठबंधन नहीं हो सकता है,श्री तटकरे ने विश्वास व्यक्त किया कि महायुति पूरे महाराष्ट्र में महत्वपूर्ण सफलता हासिल करेगी।
उन्होंने कहा कि मुंबई एक बहुभाषी और बहु-धार्मिक शहर है। उन्होंने बताया कि सभी राजनीतिक दलों की उम्मीदवारों की सूची में सभी समुदायों का प्रतिनिधित्व दिखता है। मुंबई में बड़ी ईसाई आबादी है और मजबूत अंबेडकरवादी आंदोलन है तथा आरक्षित निर्वाचन क्षेत्र हैं। इसके साथ ही एक बड़ी हिंदी भाषी और उत्तर भारतीय आबादी भी है। इन समुदायों से उम्मीदवारों के चयन पर सवाल उठाना डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की ओर से बनाये गये संविधान के मूलभूत सिद्धांतों पर संदेह करने जैसा होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित