हरिद्वार, मार्च 06 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस ने शुक्रवार को एक और बड़ी सफलता हासिल की है। थाना पथरी पुलिस ने पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपी परवेज उर्फ छोटा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी परवेज उर्फ छोटा लंबे समय से चोरी-छिपे अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त था और क्षेत्र में अवैध गतिविधियां संचालित कर रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना पथरी में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
आरोपी के खिलाफ तैयार की गई रिपोर्ट वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के माध्यम से शासन को भेजी गई थी, जिसके आधार पर उत्तराखंड शासन ने धारा 3(1) पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत शासनादेश पारित किया था।
शासनादेश के अनुपालन में थाना पथरी पुलिस ने आरोपी परवेज उर्फ छोटा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित