शिलांग , मई 01 -- भारत की अग्रणी बिजली उत्पादन कंपनी राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम लिमिटेड (एनटीपीसी) और मेघालय सरकार ने री-भोई जिले के 27 सरकारी स्कूलों में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी एवं गणित (स्टेम ) प्रयोगशालाएं स्थापित करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओए) पर हस्ताक्षर किये हैं।
तीन अप्रैल को हस्ताक्षरित इस एमओए के अवसर पर री-भोई जिले के उपायुक्त अभिलाष बरनवाल और एनटीपीसी बोंगाईगांव के मानव संसाधन (एचआर) प्रमुख अमित कुमार अस्थाना के साथ-साथ दोनों संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। इस पहल के तहत एनटीपीसी 27 सरकारी विद्यालयों में पूरी तरह से सुसज्जित स्टेम प्रयोगशालाएं स्थापित करने के लिए 1.48 करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान करेगा, जिसका उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और समस्या-समाधान कौशल को बढ़ाना है।
इस परियोजना में अवसंरचना का विकास, आधुनिक स्टेम किट की खरीद, शिक्षकों का प्रशिक्षण और लगातार रखरखाव का सहयोग शामिल होगा। ये लैब्स मौजूदा स्कूल अवसंरचना के अंदर ही बनाई जाएंगी और इनमें रोबोटिक्स किट, रिन्यूएबल एनर्जी मॉडल, इलेक्ट्रॉनिक्स मॉड्यूल और डिजिटल लर्निंग सहायक जैसे आधुनिक सीखने के उपकरण शामिल होंगे।
री- भोई ज़िला प्रशासन इसे लागू करने वाली एजेंसी के तौर पर काम करेगा और इसके क्रियान्वयन, खरीद, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और लाभार्थी स्कूलों के साथ तालमेल बिठाने के लिए ज़िम्मेदार होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित