औरंगाबाद , अप्रैल 18 -- ेशनल थर्मल पॉवर कारपोरेशन (एनटीपीसी) लिमिटेड और भारतीय रेल की संयुक्त कंपनी भारतीय रेल बिजली कंपनी (बीआरबीसीएल) औरंगाबाद जिले के नबीनगर में स्थापित सुपर थर्मल पावर परियोजना का विस्तार करेगी।

कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दीपक रंजन देहुरी ने शनिवार को संवाददाताओं को बताया कि नबीनगर परियोजना के तहत 800 मेगावाट बिजली उत्पादन की क्षमता वाले एक और इकाई की स्थापना से संबंधित प्रारंभिक रिपोर्ट सकारात्मक है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना में 800 मेगावाट की एक और इकाई की स्थापना के लिए फिलहाल व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार की जा रही है । इस रिपोर्ट के आने के साथ ही इस परियोजना के विस्तार का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा ।

श्री देहुरी ने बताया कि परियोजना के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता नहीं होगी और इसके लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध है । उन्होंने कहा कि इस परियोजना के विस्तार के साथ ही वर्तमान उत्पादन क्षमता 1000 मेगावाट से बढ़कर 1800 मेगावाट हो जाएगी ।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान बीआरपीसीएल को 400 करोड़ रुपए से अधिक का मुनाफा हुआ है और एनटीपीसी एवं भारतीय रेल को ढाई सौ करोड़ रुपए का अंतरिम लाभांश प्रदान किया जा चुका है । उन्होंने कहा कि बीआरबीसीएल की ओर से बिहार के विकास में योगदान दिया जा रहा है और इस परियोजना से फिलहाल 100 मेगावाट बिजली बिहार को मिल रही है जबकि 900 मेगावाट बिजली रेलवे को दी जाती है।

श्री देहुरी ने कहा कि कंपनी के सामाजिक निगमित दायित्व के तहत परियोजना प्रभावित गांवों में सड़क, बिजली , शिक्षा , स्वास्थ्य, बालिका सशक्तिकरण आदि बुनियादी सुविधाएं सुलभ कराने के लिए कई कार्य कराए गए हैं, जिससे क्षेत्र में विकास की नई तस्वीर बनी है।

इस संवाददाता सम्मेलन में अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) संतोष उपाध्याय भी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित