धार , मार्च 16 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में किसान क्रेडिट कार्ड ऋण चुकाने के बाद भी अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं मिलने से नाराज एक किसान ने बैंक में ढोल बजाकर अनोखा प्रदर्शन किया। किसान ने बैंक के अंदर कर्मचारियों के सामने नृत्य कर विरोध जताया।
जानकारी के अनुसार ग्राम चंदवाड़ा निवासी किसान विजय पाटीदार सोमवार सुबह मांडू रोड स्थित आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की धार शाखा पहुंचे। शाखा खुलते ही वह ढोल लेकर बैंक के अंदर पहुंचे और कर्मचारियों के सामने ढोल बजाकर नृत्य करने लगे। कुछ ही देर में उनके परिवार के सदस्य भी इस प्रदर्शन में शामिल हो गए और वहां मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई।
किसान का कहना था कि उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत लिया गया लगभग 13 लाख रुपये का ऋण करीब डेढ़ माह पहले ही चुका दिया था, लेकिन इसके बावजूद बैंक द्वारा उन्हें अब तक अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि वह पिछले डेढ़ माह से लगातार बैंक के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन हर बार कर्मचारियों द्वारा अलग-अलग कारण बताकर उन्हें टाल दिया जाता रहा।
करीब पौन घंटे तक चले इस अनोखे विरोध प्रदर्शन के बाद बैंक प्रबंधन हरकत में आया और किसान से चर्चा की। बैंक प्रबंधक ने किसान को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही एनओसी जारी कर दी जाएगी। इसके बाद किसान का गुस्सा शांत हुआ और वह बैंक से वापस चले गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित