नयी दिल्ली , अप्रैल 11 -- मात्रा के आधार पर दुनिया के सबसे बड़े वायदा कारोबार एक्सचेंज 'नेशनल स्टॉक एक्सचेंज' (एनएसई) ने शनिवार से मुद्रा डेरिवेटिव, कॅमोडिटी डेरिवेटिव, कैश (कैपिटल मार्केट) और इक्विटी डेरिवेटिव खंडों में अपना 'तत्काल पुष्टि' फीचर लागू कर दिया है।

इसके जरिए अब ऑर्डर की पुष्टि नैनोसेकंड (सेकंड के एक अरबवें हिस्से) में मिल रहा है, जो पहले के लगभग सेकंड के 10 हजारवें हिस्से से काफी तेज है।

यह उपलब्धि एनएसई के ट्रेडिंग सिस्टम में एक बड़ा और अहम सुधार दर्शाती है, जो देश को वैश्विक एक्सचेंज प्रौद्योगिकी में और मजबूत बनाती है। साथ ही, यह एक्सचेंज की पारदर्शी, तेज और विश्वस्तरीय पूंजी बाजार तंत्र बनाने की प्रतिबद्धता को भी बढ़ावा देती है।

एनएसई ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि नये और बेहतर प्रोसेस के तहत अब एनएसई के ट्रेडिंग सिस्टम को भेजे गये हर ऑर्डर की नैनोसेकंड में तुरंत पुष्टि हो रही है। ऑर्डर मिलने की तत्काल पुष्टि इसके बाद सामान्य प्रक्रिया के अनुसार स्वीकृकि या अस्वीकृति का संदेश आता है। इससे बाजार में सौदा करने वाले लोग अपने ऑर्डर की जानकारी तुरंत ट्रैक कर सकते हैं और पहले से ज्यादा भरोसे तथा पारदर्शिता के साथ काम कर सकते हैं।

फिलहाल दुनिया का कोई भी दूसरा एक्सचेंज ऐसा नहीं है, जो नैनोसेकंड में प्रतिक्रिया देने का दावा करता हो।

नये एन्क्रिप्शन सिस्टम के तहत लागू किये गये 'तत्काल पुष्टि' फीचर को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया गया। सबसे पहले 12 जुलाई 2025 से करंसी डेरिवेटिव में इससे लागू किया गया। पिछले साल 13 दिसंबर से कॅमोडिटी डेरिवेटिव में और 11 अप्रैल 2026 से पूंजी बाजार/ इक्विटीज में इसे लागू किया गया। इक्विटी डेरिवेटिव में भी इसे आज से ही लागू किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित