श्रीनगर , फरवरी 25 -- राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने दिल्ली के लाल किला क्षेत्र में हुए बम विस्फोट की साजिश में कथित रूप से शामिल कश्मीर के दो और आतंकी गुर्गों को गिरफ्तार किया है, जिससे इस मामले में गिरफ्तारियों की कुल संख्या 11 हो गई है।
एनआईए के सूत्रों ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों व्यक्तियों की पहचान गंदेरबल बल निवासी जमीर अहमद अहंगर और श्रीनगर निवासी तुफैल अहमद भट्ट के रूप में हुई है।
एजेंसी ने कहा कि दिल्ली विस्फोट से जुड़ी साजिश में सक्रिय संलिप्तता के लिए दोनों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया। जांच से पता चला है कि इन दोनों ने दिल्ली विस्फोट मामले के मुख्य आरोपी को हथियारों की आपूर्ति की थी।
गौरतलब है कि 10 नवंबर 2025 को राष्ट्रीय राजधानी को दहला देने वाले इस विस्फोट में 11 लोग मारे गए थे और कई घायल हुए थे। मुख्य आरोपी उमर उन नबी भी इस घातक विस्फोट में मारा गया था।
एनआईए ने जमीर अहमद और तुफैल अहमद को अंसार गजवत-उल-हिंद (एजीएच) आतंकी संगठन के सक्रिय ओवर द ग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) के रूप में पाया। एजेंसी ने खुलासा किया कि जमीर और तुफैल इस विस्फोट की साजिश के अलावा कई अन्य आतंकी साजिशों का भी हिस्सा थे। व्यापक जांच और साक्ष्यों के परीक्षण के माध्यम से एनआईए ने आगे पाया कि वे देश के खिलाफ उपयोग के लिए हथियारों और गोला-बारूद के संग्रह में लगे हुए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित