रायपुर , नवंबर 08 -- छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने सुकमा-दंतेवाड़ा में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा की गई 12 ठिकानों पर छापेमारी का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि अरनपुर आईईडी ब्लास्ट मामले से जुड़ी यह कार्रवाई पूरी तरह आवश्यक और स्पष्ट है।
श्री शर्मा ने बताया कि एनआईए ने माओवादी संगठन भाकपा के सशस्त्र कैडरों पर निर्णायक प्रहार किया है, जिनके पास से नकदी, लेवी रसीदें और डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाई से बस्तर क्षेत्र में शांति और स्थायित्व की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा।
उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और बीएलओ की नियुक्ति को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा ''कांग्रेस पहले अपने अंदरूनी विवाद सुलझाए, फिर एसआईआर पर बात करे। तब तक समय निकल जाएगा। श्री शर्मा ने यह भी कहा कि राज्य में घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाएंगे।
उन्होंने कांग्रेस के भाजपा के वोट बैंक पर उठाए गए सवालों पर कहा ''हमने दिल चुराया है, वोट नहीं। जनता भाजपा को दिल से पसंद करती है। दिल जीतने के लिए दिन-रात मेहनत करना पड़ताहै।''उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा का कोई ''फिक्स वोट बैंक'' नहीं है, बल्कि पारदर्शी और निरंतर कार्य संस्कृति ही उसकी ताकत है।
उप मुख्यमंत्री ने धान खरीदी पर पूछे गए सवाल पर कहा कि राज्य सरकार पूरी तैयारी के साथ खरीदी अभियान में जुटी है। पिछली बार रिकॉर्ड धान खरीदी हुई थी और इस बार भी उतनी ही मात्रा के आसपास खरीदी की जाएगी। उन्होंने कहा ''बाहर से धान लाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी, पकड़े जाने पर धान राजसात किया जाएगा।'' उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि धान खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित