श्रीगंगानगर , जनवरी 30 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले की संगरिया पंचायत समिति की ग्राम पंचायत सिंहपुरा के चक 27 एएमपी में निर्माणाधीन एथनॉल संयंत्र के खिलाफ स्थानीय किसानों और मजदूरों का आंदोलन तेज हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस संयंत्र का निर्माण अभी अधूरा है लेकिन इससे होने वाले पर्यावरणीय नुकसान, भूजल प्रदूषण और वायु प्रदूषण की आशंका के चलते क्षेत्र के लोग एकजुट हो रहे हैं। इसी क्रम में तीन फरवरी को खेरुवाली टोल नाके पर एक महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में किसान, मजदूर और छोटे व्यापारियों के शामिल होने की संभावना है।
किसान नेताओं ने शुक्रवार काे विभिन्न गांवों में नुक्कड़ सभाएं आयोजित करके महापंचायत में अधिक से अधिक लोगों को शामिल होने का आह्वान किया। जनसंपर्क अभियान के दौरान बुधरवाली, दूदा खीचड़, खाट सजवार, कालवासिया, प्रतापपुरा, हाकमाबाद, दलियांवाली और आसपास के अन्य गांवों में दौरा किया गया। संघर्ष समिति के सदस्यों ने लोगों को संयंत्र के संभावित दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया और बताया कि यह संयंत्र क्षेत्र की कृषि, जल संसाधनों और स्वास्थ्य पर गंभीर असर डालेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित