हल्द्धानी , मार्च 31 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में आयोजित एक अहम बैठक में डॉ. वी. मुरुगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) (अपराध एवं कानून व्यवस्था) ने नैनीताल और ऊधमसिंह नगर पुलिस के अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा की और कई कड़े निर्देश जारी किए।

बैठक में एडीजी ने दोनों जनपदों के राजपत्रित अधिकारियों के कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने लंबित विवेचनाओं, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और शिकायतों के निस्तारण की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाएएडीजी ने कहा कि थानों और कार्यालयों का नियमित निरीक्षण किया जाए और लंबित मालों का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। साथ ही ई-साक्ष्य, नैटग्रिड जैसे पोर्टल्स पर डेटा अपलोड करने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

बैठक में चार प्रमुख फोकस एरिया तय किए गए, जिनमें महिला अपराध, नशा तस्करी, गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश और अज्ञात शवों की शिनाख्त शामिल है। महिला अपराधों की जांच 60 दिन के भीतर पूरी करने के सख्त निर्देश दिए गए।

उन्होंने नशा तस्करी पर सख्त रुख अपनाते हुए बड़े तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई और उनकी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया तेज करने को कहा। वहीं गुमशुदा, खासकर नाबालिग बच्चों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा अज्ञात शवों की शिनाख्त के लिए आधुनिक तकनीक और प्रचार-प्रसार का अधिकतम उपयोग करने पर जोर दिया गया। एडीजी ने स्पष्ट कहा कि कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

इस दौरान डॉ. मंजूनाथ टी.सी., अजय गणपति सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

कुल मिलाकर, इस समीक्षा बैठक में पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित