बारां , जनवरी 28 -- राजस्थान में बारां के अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) भंवरलाल जनागल ने बुधवार को नगर परिषद धर्मशाला में संचालित अन्नपूर्णा रसोई का औचक निरीक्षण करके व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने आमजन को परोसे जा रहे भोजन को चखकर गुणवत्ता की जांच की। भोजन की गुणवत्ता, प्रति व्यक्ति एक टोकन व्यवस्था, बैठकर भोजन करने की सुविधा, भोजन को गर्म रखने की व्यवस्था और रसोई की साफ-सफाई को देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
श्री जनागल ने निर्देश दिये कि जिला स्तरीय अधिकारी समय-समय पर अन्नपूर्णा रसोई का भ्रमण करके स्वयं भोजन करें, जिससे गुणवत्ता निरंतर बनी रहे। निरीक्षण के दौरान शिकायत पुस्तिका, सुझाव पुस्तिका एवं वजन मशीन उपलब्ध नहीं पाए जाने पर उन्होंने इन्हें शाम तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। इसके पश्चात श्री जनागल ने परिसर में स्थापित स्थाई आश्रय स्थल का भी निरीक्षण किया। जहां उन्होंने साफ-सफाई, बिस्तरों की स्थिति एवं रात्रि में ठहरनेवाले व्यक्तियों के विवरण रजिस्टर के संधारण की जानकारी ली। आश्रय स्थल पर बिस्तरों की सप्ताह में दो बार सफाई किये जाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने सफाई व्यवस्था पर संतोष जताया।
इसके बाद उन्होंने नगर परिषद कार्यालय का औचक निरीक्षण किया, जहां 16 कर्मचारी अनुपस्थित पाये गये। इस पर उन्होंने गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए लापरवाही को अनुशासनहीनता बताया और अनुपस्थित कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित