खैरागढ़-छुईखदान-गंडई , अप्रैल 15 -- छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के अंतर्गत थाना छुईखदान पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एटीएम मशीन तोड़कर चोरी का प्रयास करने वाले आरोपी को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।जिसकी जानकारी बधवार को पुलिस ने दी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त औजार भी बरामद कर लिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने थाना छुईखदान में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम उदयपुर स्थित एटीएम मशीन, जिसकी देखरेख की जिम्मेदारी उन पर है, मंगलवार को बंद पाई गई।

निरीक्षण करने पर पता चला कि किसी अज्ञात चोर द्वारा चोरी की नियत से एटीएम लॉबी की लाइट और मशीन में व्यापक तोड़फोड़ की गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 135/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 331(4), 305(e), 62, 324(3) के तहत मामला दर्ज किया। विवेचना के दौरान तकनीकी सहायता और मुखबिरों के जाल बिछाए गए। सूचना मिली कि ग्राम उदयपुर निवासी चंपालाल जंघेल पुलिस को देखकर छिप रहा है।

पुलिस ने संदेह के आधार पर चंपालाल को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए औजार (आला जरब) बरामद कर जब्त कर लिए हैं।

चंपालाल को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों और नागरिकों ने पुलिस प्रशासन की सराहना की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित