शामली , दिसंबर 27 -- उत्तर प्रदेश में शामली जिले की थाना भवन पुलिस ने एटीएम कार्ड चोर गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से विभिन्न बैंकों के आधा दर्जन एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस इससे पहले एक अन्य आरोपी को भी 79 एटीएम कार्ड बरामद कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस ने बताया कि थानाभवन क्षेत्र के गांव दभेडी निवासी वाजिद चार जुलाई को कस्बा जलालाबाद स्थित इंडियन बैंक से रुपये निकालने गया था जहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने वाजिद को बातों में उलझा कर उसका एटीएम बदल दिया था और कुछ समय बाद खाते से 50 हजार रुपये की नकदी निकाल ली थी, इसके अलवा 27 सितम्बर को जलालाबाद के मौहल्ला रामरतन मंडी निवासी विपिन का भी अज्ञात लोगों ने एटीएम बदलकर 50 हजार रुपये की नकदी निकाल ली थी।
पीडिताें की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी पंकज निवासी थाना कोतवाली देहात सहारनपुर को चोरी किए गए 79 एटीएम कार्ड के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था जबकि अन्य की तलाश की जा रही थी। शनिवार को थानाभवन ने मामले में वांछित आरोपित अश्वनी उर्फ काका को गिरफ्तार कर लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित