एटा , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश में एटा जिले के सकीट थाना क्षेत्र के कायमपुर गांव में विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार श्रद्धा (20) पत्नी अंकित ने अपने घर में दुपट्टे के सहारे पंखे से लटककर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को मृतका का शव फर्श पर पड़ा मिला, जबकि उसके गले में चुन्नी का फंदा था और फंदे का एक सिरा पंखे से लटका हुआ था।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि मृतका की शादी लगभग 10 माह पूर्व हुई थी और तभी से उसका पति रुपयों की मांग को लेकर मारपीट करता था। परिजनों का कहना है कि घरेलू उत्पीड़न से तंग आकर उसने यह कदम उठाया।

मृतका की बड़ी बहन श्रुति की शादी भी इसी परिवार में करीब 12 वर्ष पूर्व हुई थी और वह वर्तमान में मथुरा में है। पुलिस उसके बयान भी दर्ज करेगी। घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित