नयी दिल्ली , दिसम्बर 26 -- भारत ने कहा है कि वह अमेरिका में एच 1 बी वीजा के नियमों में बदलाव के कारण प्रभावित भारतीय नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए अमेरिका के साथ गंभीरता से बातचीत कर रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को यहां साप्ताहिक ब्रीफिंग में सवालों के जवाब में कहा कि सरकार को इस बारे में भारतीय नागरिकों से शिकायतें मिल रही हैं और सरकार को उनकी कठिनाइयों का पता है। उन्होंने कहा कि भारत इन परेशानियों को कम करने के लिए अमेरिका के साथ गंभीरता से बात कर रहा है।
प्रवक्ता ने कहा , " भारत सरकार को कई भारतीय नागरिकों से इस बारे में लिखित जानकारी मिली है। ये लोग अपने वीज़ा अपॉइंटमेंट के पुनर्निर्धारण में समस्याओं का सामना कर रहे हैं। वीज़ा से जुड़े मुद्दे किसी भी देश के संप्रभु क्षेत्राधिकार में आते हैं। हमने इन मुद्दों और अपनी चिंताओं को अमेरिकी पक्ष के समक्ष नई दिल्ली और वाशिंगटन डीसी, दोनों जगह उठाया है। कई लोग लंबे समय से फंसे हुए हैं, जिससे उनके परिवारों और उनके बच्चों की शिक्षा को लेकर काफी कठिनाइयाँ उत्पन्न हुई हैं। भारत सरकार अपने नागरिकों को होने वाली परेशानियों को कम से कम करने के लिए अमेरिकी पक्ष के साथ गंभीरता से बात कर रही है।"अमेरिका के साथ व्यापार समझौते के बारे में पूछे गये सवाल पर उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष उचित, संतुलित और परस्पर फायदेमंद व्यापार समझौते को लेकर निरंतर बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका के व्यापार वार्ता प्रतिनिधि हाल ही में बातचीत के लिए यहां आये थे।
यूरोपीय संघ के साथ मुक्त व्यापार समझौते पर उन्होंने कहा कि इस बारे में बात हो रही है। वार्ता का 14 वां दौर अक्टूबर में ब्रुसेल्स में हुआ था। इसके बाद यूरोपीय वार्ताकारों ने भारत का दौरा किया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष बातचीत को आगे बढाने की दिशा में काम कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित