भोपाल/जबलपुर , मार्च 9 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि एचपीवी वैक्सीन का एक टीका बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से जीवनभर सुरक्षा प्रदान कर सकता है। उन्होंने प्रदेश की बहनों और बेटियों से इस टीकाकरण का लाभ लेने का आह्वान किया।

डॉ. यादव आज जबलपुर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस कल्चरल एंड इंफॉर्मेशन सेंटर में आयोजित महिलाओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर और एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में माताओं और बहनों के स्वास्थ्य की चिंता करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के लिए गंभीर बीमारी है और इससे बचाव के लिए प्रदेश में बड़े स्तर पर एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत 14 वर्ष से अधिक आयु की बेटियों को लगभग चार हजार रुपये मूल्य का यह टीका नि:शुल्क लगाया जा रहा है, जो भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से सुरक्षा प्रदान करेगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने टीकाकरण करा चुकी बालिकाओं जिया सेन और अंशी विश्वकर्मा को प्रतीकात्मक रूप से प्रमाण-पत्र प्रदान किए। उन्होंने नेत्रहीन कन्या विद्यालय जबलपुर की बालिकाओं से भेंट कर उनका सम्मान भी किया तथा 'लखपति दीदी' आरती चौधरी और सीता गोंड को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जबलपुर में 37 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों की सौगात भी दी। इनमें 10.51 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक जनपद भवन का भूमि-पूजन तथा 27.16 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गीता भवन सहित अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इसके साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 21 स्वास्थ्य एवं उप स्वास्थ्य केंद्र और सोलर ट्रैफिक सिस्टम का भी लोकार्पण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लाड़ली बहना और लाड़ली लक्ष्मी जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहनों को हर माह 1500 रुपये की राशि उनके बैंक खातों में अंतरित की जा रही है।

डॉ. यादव ने कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को आगामी नवरात्रि और गुड़ी पड़वा पर्व की शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अजय बिश्नोई, विधायक संतोष बरकड़े सहित जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के कार्यकर्ता, लाड़ली बहनें और बड़ी संख्या में बेटियां उपस्थित थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित