हनुमानगढ़ , अप्रैल 06 -- राजस्थान के हनुमानगढ़ में राज्य लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की सोमवार को आयोजित पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा में समय की पाबंदी के कारण सिर्फ ण्क मिनट सेकंड की देरी से दो छात्राओं का पुलिस अधिकारी बनने का सपना टूट गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से ठीक 60 सेकंड देरी से पहुंची दोनों छात्राएं मुख्य द्वार पर ही रोक दी गयीं। छात्राओं ने अधिकारियों के सामने हाथ जोड़कर विनती करते हुए कहा कि उन्होंने पिछले एक वर्ष से लगातार मेहनत की है, दिन-रात तैयारी की है। उन्हें अंदर जाने दिया जाए, लेकिन अधिकारियों ने आरपीएससी के सख्त नियमों का हवाला देते हुए कहा कि एक बार द्वार बंद होने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जा सकता। छात्राएं निराश होकर लौट गयीं।
आधिकारिक सू्त्रों ने बताया कि आज प्रथम पारी के लिए कुल 11 हजार 714 परीक्षार्थी नामांकित थे। कड़ी सुरक्षा और जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा हॉल में प्रवेश दिया गया। हालांकि प्रथम पारी में चार हजार 354 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे।
सूत्रों ने बताया कि इसी दौरान एक परीक्षा केंद्र के बाहर रुपये को लेकर विवाद भी हो गया। परीक्षा देने आयै एक छात्र की जेब में 100 रुपये का नोट था। द्वार के बाहर सुरक्षा कर्मियों ने उसे नोट अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी। इस पर छात्र ने जमकर हंगामा किया , जिससे केंद्र के बाहर कुछ देर के लिए तनाव व्याप्त हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित