भोपाल, 15 जनवरी 2026 (वार्ता) मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत इंदौर क्राइम ब्रांच ने बड़ी सफलता हासिल की है। क्राइम ब्रांच इंदौर ने करीब एक करोड़ रुपये की एमडी ड्रग्स के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 15 जनवरी 2026 को क्राइम ब्रांच की टीम इंदौर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश और मुखबिर सूचना संकलन कर रही थी। इसी दौरान सिद्धेश्वर जलधार नाथ महादेव मंदिर के पास एमआर-4 रोड पर सड़क किनारे एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्ति पुलिस वाहन को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
विधिवत तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से 513.48 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही एक दोपहिया वाहन और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से सस्ते दामों पर मादक पदार्थ खरीदकर इंदौर शहर में नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचते थे।
आरोपियों के विरुद्ध थाना अपराध शाखा में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। साथ ही आरोपियों के मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल, वित्तीय लेनदेन और संपर्क सूत्रों का विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क का भी खुलासा किया जा सके।
पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाइयों से प्रदेश में बढ़ते नशे के खतरे पर अंकुश लगाने, युवाओं को नशीले पदार्थों से बचाने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित