प्रयागराज , जनवरी 14 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के संगम की रेती पर आयोजित हो रहे माघ मेले के दूसरे स्नान पर्व मकर संक्रांति के पहले संगम तट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। एकादशी के पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु संगम के विभिन्न घाटों पर आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एकादशी के पर्व पर सुबह 6:00 तक 9:30 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगा ली है।
मेला पुलिस अधीक्षक नीरज पांडेय के मुताबिक मकर संक्रांति पर्व दो दिन स्नान की परंपरा रही है। उनका अनुमान है कि मकर संक्रांति के स्नान पर्व तक दो दिनों में एक से डेढ़ करोड़ श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगे। श्री पांडेय ने बताया कि माघ मेले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेले में 10 हजार के करीब पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। मेले में पुलिस, पीएसी, आरएएफ के साथी जल पुलिस, एनडीआरएफ,एसडीआरएफ और बीडीएस की टीमों को तैनात किया गया है। इसके साथ ही स्नान घाटों पर एटीएस के कमांडो भी तैनात किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि पूरे माघ मेले में सुरक्षा को लेकर 400 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जिसमें डेढ़ सौ से ज्यादा ए आई युक्त युक्त कैमरे शामिल हैं। इन कैमरों से क्राउड मैनेजमेंट भी किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित