पटना , जनवरी 28 -- राज्य में एकलव्य खेल प्रशिक्षण केंद्रों के बेहतर संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खेल विभाग ने सभी 38 जिलों में इनके नियमित और गहन निरीक्षण का निर्णय लिया है।

इस संबंध में खेल विभाग के सचिव महेंद्र कुमार ने सभी जिला खेल पदाधिकारियों को अपने-अपने जिलों के एकलव्य केंद्रों का भ्रमण कर बच्चों की उपस्थिति, आवासीय व्यवस्था, मेस, प्रशिक्षकों की तैनाती और केंद्रों के समुचित संचालन की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।

विकास भवन में बुधवार को आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में सचिव श्री कुमार ने कहा कि बिहार के सभी जिलों में एकलव्य केंद्रों को चरणबद्ध तरीके से पुनः शुरू किया गया है और उनका प्रभावी संचालन विभाग की प्राथमिकता है। बैठक में राज्य के सभी 38 जिलों के जिला खेल पदाधिकारी शामिल हुये।

उन्होंने विभाग के मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम (एमआईएस) को साप्ताहिक रूप से अद्यतन करने पर विशेष जोर देते हुये कहा कि नियमित फील्ड निरीक्षण अनिवार्य है। एमआईएस में अद्यतन न होना फील्ड विजिट नहीं होने का संकेत माना जायेगा जो स्वीकार्य नहीं है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रखंड स्तर के आउटडोर स्टेडियम, पंचायत स्तर के खेल मैदान और जिला स्तरीय खेल अवसंरचना की स्थिति का आकलन कर खेल गतिविधियों को सक्रिय किया जायेगा। इसके लिये जिला खेल पदाधिकारियों को स्थानीय खेल संघों के साथ समन्वय स्थापित करने और न्यूनतम शुल्क पर खेल अवसंरचना के उपयोग को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिये गये, जिससे रख- रखाव के साथ संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित