नयी दिल्ली , अक्टूबर 31 -- एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय एक नवंबर से जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा मनाएंगे और 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के भव्य राष्ट्रव्यापी समारोह के साथ इसका समापन हो जाएगा।
जनजातीय मामलों के मंत्रालय के राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम एक नवंबर से शुरु होगा और महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती 15 नवंबर को समाप्त हो जाएगा।
मंत्रालय का कहना है कि सरकार के जनजातीय नायकों के योगदान को सम्मानित करने और जनजातीय युवाओं को सशक्त बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच से प्रेरित इस पखवाड़े का उद्देश्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत को उजागर कर उनकी कला, संस्कृति और विरासत की जीवंत अभिव्यक्तियों को दर्शाते हुए छात्रों को प्रेरित करना है।
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय इस दौरान रचनात्मक, सांस्कृतिक और शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन करेंगे जो जनजातीय परंपराओं की शक्ति और विविधता पर आधारित होंगे। देश भर के 497 विद्यालयों के 1.5 लाख से अधिक छात्रों के जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा और जनजातीय गौरव दिवस समारोह में भाग लेने की उम्मीद है जो उनके सामूहिक उत्साह, रचनात्मकता और अपनी विरासत तथा राष्ट्र के स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति श्रद्धा को दर्शाता है।
इन कार्यक्रमों के जरिए जनजातीय छात्रों में गौरव, पहचान और उद्देश्य की भावना का पोषण कर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करना है जिनके साहस और आदर्श देश को विकसित भारत की ओर प्रेरित करते हैं। इस दौरान जनजातीय समुदायों की अमूल्य भूमिका के बारे में छात्रों में इस समाज के गौरव, एकता और जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए सभी विद्यालयों में पदयात्राएँ और विषयगत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पखवाड़े के दौरान उत्कृष्ट भागीदारी और अभिनव गतिविधियों के लिए दो सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले स्कूलों को सम्मानित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित