उज्जैन , नवंबर 21 -- पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सत्यानारायण जटिया ने कहा कि देश की एकता के प्रतीक लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने राष्ट्र के लिए ऐसे अद्वितीय और महान कार्य किए हैं, जिन्हें सदैव स्मरण किया जाएगा।

डॉ. जटिया शुक्रवार सुबह उज्जैन स्थित शहीद पार्क से निकली यूनिटी मार्च यात्रा के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर 'एक भारत, आत्मनिर्भर भारत' के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस यात्रा में जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं और नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

डॉ. जटिया ने कहा कि देश की स्वतंत्रता और अखंडता के लिए हमारे महापुरुषों ने अपना सर्वस्व समर्पित किया है। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही राष्ट्र को मजबूत बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में उपस्थित सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर यूनिटी मार्च यात्राएं निकाली जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता के बाद 565 रियासतों का सफलतापूर्वक भारत संघ में विलय कर राष्ट्र को एक मजबूत और अखंड स्वरूप प्रदान किया, जिसे सदैव याद किया जाता है।

यूनिटी मार्च के पूर्व छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, मार्शल आर्ट और मल्लखंभ का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों द्वारा आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे और सफेद कबूतर उड़ाकर शांति एवं एकता का संदेश दिया गया। सांसद फिरोजिया ने मशाल लेकर यात्रा का नेतृत्व किया।

यात्रा शहीद पार्क से प्रारंभ होकर घंटाघर, चामुंडा माता चौराहा, देवास गेट, मालीपुरा, दौलतगंज होते हुए फव्वारा चौक पहुंची। यहाँ नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का समापन किया गया। यूनिटी मार्च में शहर के जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित