ऋषिकेश , जनवरी 30 -- राज्य सरकार द्वारा सुनिश्चित कैरियर प्रोन्नयन योजना (एएसपी) का शासनादेश जारी किए जाने पर उत्तराखंड मंडी समिति कर्मचारी संघ ने हर्ष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार जताया है।

शुक्रवार को कृषि उत्पादन मंडी समिति कार्यालय, ऋषिकेश में उत्तराखंड मंडी समिति कर्मचारी संघ द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान संघ के अध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर को कर्मचारियों ने सम्मानित करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। कर्मचारियों ने कहा कि डॉ. चंद्रशेखर के अथक प्रयासों और निरंतर संघर्ष के चलते ही सरकार ने एएसपी योजना का शासनादेश जारी कर कर्मचारियों को इसका लाभ देने का कार्य किया है।

कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री श्री धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय मंडी समिति कर्मचारियों के हित में एक ऐतिहासिक कदम है, जिससे कर्मचारियों के भविष्य को नई दिशा मिलेगी।

कार्यक्रम में अध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर ने सभी कर्मचारियों का आभार जताते हुए कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों की मेहनत और एकजुटता रंग लाई है तथा इस शासनादेश को लागू कराने में प्रत्येक कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह योजना कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ कार्यक्षमता में भी सकारात्मक बदलाव लाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित