लखनऊ , फरवरी 09 -- एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) उत्तर प्रदेश की वाराणसी यूनिट और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने एक दिन पूर्व रविवार को चंदौली जिले से 499.200 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए दो सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रमोद गुप्ता उर्फ सुरेश गुप्ता, निवासी थाना गंजड़ा, जिला बलिया व अक्षय कुमार पुत्र श्री भगवान, निवासी पचवारा, थाना नवाबगंज, जनपद बरेली के रूप में हुई है।
अधिकारियों के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर चंदौली से वाराणसी की ओर जा रहे एक वाहन को रोका गया, जिसमें भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। तलाशी के दौरान वाहन से गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह मादक पदार्थ एक स्थान से दूसरे स्थान पर सप्लाई करने जा रहे थे। मामले में गांजे के साथ-साथ दो मोबाइल फोन, दो डोली (पैकिंग सामग्री), एक आधार कार्ड, एक डीएलपीएमओ ट्रक और 2,220 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित