जयपुर , अप्रैल 25 -- राजस्थान में जयपुर के ज्योति नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक के जरिए फर्जी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में मुख्य आरोपी अमृता धूमाल को पुलिस हिरासत में लिया है।

मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट पार्वती ने आरोपी को 27 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं।

इस मामले में अन्य आरोपियों बिलाल खान, इमाम अहमद और निखिल प्रजापत को अदालत ने पांच मई तक न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। अदालत ने गंभीर आरोपों और इस मामले में हो रही जांच को देखते हुए तीनों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दीं। इसके अलावा इस मामले में प्रस्तुत अन्य प्रार्थना पत्र भी अदालत द्वारा अस्वीकार कर दिए गए।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लोगो, एंकर और बैकग्राउंड का उपयोग करके न्यूज वीडियो क्लिप को सम्पादित करके फर्जी वीडियो तैयार किए। अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए बनाए गए इन वीडियो को 250 से अधिक लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिससे भ्रम और अफवाह फैलने की आशंका बनी।

इस मामले में अभय तिवारी सहित अन्य के खिलाफ पुलिस जांच अब भी जारी है। यह मामला फर्स्ट इंडिया के रिपोर्टर सत्यनारायण शर्मा द्वारा 18 अप्रैल को ज्योति नगर थाने में दर्ज कराया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित