नयी दिल्ली , फरवरी 16 -- प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और सुरक्षित डिजिटल क्षमता के दृष्टिकोण के अनुरूप स्वयं को डेटा-केंद्रित, एआई-सक्षम बल के रूप में तैयार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही भारतीय सेना ने सोमवार से यहां शुरू हुए 'इंडिया एआई सम्मेलन' में दोहरे इस्तेमाल वाली एआई प्रौद्योगिकियों का बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया है। सेना ने सम्मेलन में स्वदेशी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित अनुप्रयोगों की एक श्रृंखला प्रस्तुत की है जिनका शिक्षा, आपदा प्रबंधन, साइबर सुरक्षा, परिवहन सुरक्षा तथा डिजिटल अवसंरचना संरक्षण जैसे क्षेत्रों में व्यापक द्वि-उपयोगी महत्व है। सम्मेलन में प्रस्तुत की गयी सेना की ये पहलें एक सुरक्षित, नेटवर्क-सक्षम और एआई-समर्थित पारिस्थितिकी तंत्र की दिशा में निर्णायक कदम हैं। प्रत्येक स्वदेशी प्रणाली रक्षा तैयारी को सुदृढ़ करने के साथ-साथ नागरिक सुरक्षा, आपदा लचीलापन, डिजिटल सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है। सेना ने जिन प्राद्योगिकियों का प्रदर्शन किया है उनमें एक एआई-सक्षम स्वचालित मूल्यांकन प्रणाली को किसी भी 'लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम' से जोड़ा जा सकता है। यह परीक्षा , उत्तर विश्लेषण, अंकन के साथ-साथ फीडबैक भी देती है।

सैम यूएन प्रौद्योगिकी भू-स्थानिक खुफिया, संरचित रिपोर्टिंग और एआई विश्लेषण को एकीकृत करने वाला स्वदेशी वेब-आधारित मंच है जो मिशन योजना, निगरानी, समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया के लिए वास्तविक समय स्थितिजन्य जागरूकता प्रदान करता है। यह आपदा प्रबंधन केंद्रों और स्मार्ट सिटी नियंत्रण कक्षों के लिए उपयोगी है।

'एकम ' सुरक्षित, मॉड्यूलर, एयर-गैप्ड क्लाउड मंच है जो एआई चैट, दस्तावेज़ एवं प्रस्तुति , बहुभाषी अनुवाद, सार-संक्षेपण, तथा मल्टीमीडिया जनरेशन बॉट्स जैसी सुविधाएँ प्रदान करता है। यह पूर्ण डेटा संप्रभुता सुनिश्चित करता है।

प्रक्षेपण एआई-आधारित सैन्य जलवायु एवं आपदा पूर्वानुमान प्रणाली है। यह भारत की पहली हाइब्रिड सैन्य जलवायु निर्णय-सहायक प्रणाली है जो बहु-एजेंसी वैज्ञानिक आंकड़ों और एआई/एमएल मॉडलिंग के माध्यम से 3 से 7 दिन पहले भूस्खलन, बाढ़ और हिमस्खलन का पूर्वानुमान देती है। यह आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों और सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए अत्यंत उपयोगी है।

'एआई फेसियल रिकग्निशन सिस्टम' छवि एवं वीडियो आधारित पहचान और प्रमाणीकरण प्रणाली है जो सुरक्षा प्रतिष्ठानों, हवाई अड्डों तथा कानून प्रवर्तन एजेंसियों के लिए सहायक है।

नभ दृष्टि , मोबाइल-सक्षम टेलीमेट्री रिपोर्टिंग प्रणाली है जो स्थान, चित्र और समय-चिह्नित अवलोकनों को एआई बैकएंड के माध्यम से वास्तविक समय में दृश्यीकृत करती है। यह आपदा रिपोर्टिंग और खोज-बचाव अभियानों में सहायक है।

ड्राइवर थकान पहचान प्रणाली एक पोर्टेबल एआई उपकरण है जो चालक में आलस्य की स्थिति का वास्तविक समय में पता लगाकर चेतावनी देता है।

वाहन ट्रैकिंग प्रणाली जीपीएस टेलीमेट्री और एआई विश्लेषण आधारित फ्लीट मॉनिटरिंग प्रणाली है जो लॉजिस्टिक्स और मार्ग अनुकूलन में सहायक है।

डीपफेक वीडियो पहचान प्रणाली कृत्रिम या परिवर्तित मीडिया की पहचान करने वाली एआई प्रणाली है जो दुष्प्रचार और सूचना युद्ध का मुकाबला करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित