मेरठ , फरवरी 22 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि उसने हाल में आयोजित वैश्विक एआई सम्मेलन जैसे राष्ट्रीय गौरव के अवसर को भी अपनी "गंदी राजनीति" का अखाड़ा बनाने की कोशिश की और देश की छवि धूमिल करने का प्रयास किया।

मेरठ में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली में हुए वैश्विक एआई सम्मेलन में 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों और कई राष्ट्राध्यक्षों ने भाग लिया, जिससे भारत का वैश्विक मान बढ़ा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम किसी दल का नहीं, बल्कि देश का था, लेकिन कांग्रेस ने इसकी मर्यादा भंग करने का प्रयास किया।

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि सम्मेलन स्थल पर कांग्रेस से जुड़े लोगों ने अनुचित आचरण कर भारत की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि देश की सफलता पर गर्व करने के बजाय कांग्रेस नेतृत्व ने उसे विवादों में घसीटने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उनसे, भाजपा से या एनडीए से राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन राष्ट्रीय कार्यक्रमों को राजनीति से ऊपर रखना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के सम्मान से जुड़े आयोजनों को बदनाम करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

प्रधानमंत्री ने मीडिया से भी अपील की कि ऐसे मामलों में "विपक्ष" शब्द का प्रयोग कर पूरे विपक्ष को एक तराजू में न तौला जाए, बल्कि जिस दल की भूमिका हो, उसका स्पष्ट उल्लेख किया जाए। उन्होंने कहा कि गलत आचरण की आलोचना विशिष्ट रूप से होनी चाहिए ताकि जवाबदेही तय हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित